त्योहार पर बसों और ट्रेनों में भारी भीड़, 15 ट्रेनों में लगाए गए अतिरिक्त कोच, टिकट काउंटर भी बढ़ाए
HR Breaking News (railway news) : दीपावली और छठ पर्व के लिए घर जाने वालों की संख्या बढ़ने से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। हिसार (railway latest news) से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकटों की वेटिंग चल रही है, वहीं दैनिक ट्रेनों में भी सामान्य दिनों के मुकाबले यात्रियों की संख्या करीब दोगुनी हो गई है। रोडवेज बसों में भी सीटें भरने के बाद यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।
धनतेरस के दिन रही आवाजाही
शुक्रवार को धनतेरस के दिन हिसार रेलवे स्टेशन (Hisar Railway Station) और बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बढ़ी रही। दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ जाने वाली बसों में भीड़ के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। त्योहार पर अपने घर जाने वाले लोगों के अलावा आसपास के गांवों से खरीदारी के लिए शहर पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ने से यातायात का दबाव बना रहा।
रेलवे ने 15 ट्रेनों में लगाए अतिरिक्त कोच
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे (North Western Railway) के बीकानेर मंडल ने 15 ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों के अतिरिक्त कोच लगाए हैं। इससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। बीकानेर मंडल (Bikaner Division) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, टिकट लेने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले गए हैं।
रोडवेज में भी बढ़ा यात्रियों का दबाव
धनतेरस पर रोडवेज बसों में भी यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ के साथ राजस्थान जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या अधिक रही। कई बसों में सीटें पूरी भर जाने के बाद यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। दीपावली और छठ पर्व के चलते आगामी दिनों में भी बसों और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बने रहने की संभावना है।
