hrbreakingnews.com

हिसार में निरंकारी भवन फाटक पर मिलेगी जाम से राहत, बनाया जाएगा 380 मीटर लंबा रेलवे अंडर ब्रिज  

Hisar News : हिसार में निरंकारी भवन फाटक (Nirankari Bhawan Gate) पर अब लगने वाले जाम से अब शहरवासियों को राहत मिलने वाली है। अब यहां रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाया जाएगा। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।   

 
हिसार में निरंकारी भवन फाटक पर मिलेगी जाम से राहत, बनाया जाएगा 380 मीटर लंबा रेलवे अंडर ब्रिज  

HR Breaking News (Hisar News) : शहर के निरंकारी भवन रोड स्थित रेलवे फाटक (railway fatak) एलसी-1 पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाया जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार कर कंसल्टेंट ने बीएंडआर विभाग (B&R Department) को सौंप दी है। अब विभाग के स्थानीय अधिकारी प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय भेजेंगे। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

380 मीटर रहेगी लंबाई

 

प्रस्ताव के अनुसार अंडरपास की कुल लंबाई 380 मीटर होगी। इसके दोनों ओर 72.5-72.5 मीटर लंबी अप्रोच रोड बनाई जाएगी, जबकि बीच में 90 मीटर का बॉक्स स्ट्रक्चर तैयार होगा। सब-वे (subway) की चौड़ाई 6 मीटर और ऊंचाई 4.5 मीटर निर्धारित की गई है। इससे छोटे और हल्के वाहन आसानी से निकल सकेंगे। वाहनों की आवाजाही के लिए 5.5 मीटर चौड़ा कैरिज-वे बनाया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय लोगों और दुकानदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरओबी (ROB) के दोनों तरफ 2.75-2.75 मीटर चौड़ी सर्विस लेन का प्रावधान भी किया गया है।

रोजाना 50 से ज्यादा ट्रेनें गुजरने से बंद रहता है फाटक

 

हिसार में प्रतिदिन 50 से अधिक रेलगाड़ियों का आवागमन होता है। इसके चलते डबल फाटक रोड पर रेलवे क्रॉसिंग बार-बार बंद होती है और सड़क पर वाहनों की कतार लग जाती है। फाटक बंद होने पर लोगों को दूसरी ओर पहुंचने के लिए करीब 3 से 4 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इस परेशानी को देखते हुए क्षेत्र के लोग लंबे समय से यहां रेलवे ओवरब्रिज  बनाने की मांग कर रहे हैं। आरओबी और आरयूबी बनने से रेलवे क्रॉसिंग पर निर्भरता कम होगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

 

पुरानी जीएडी से बनेगा आरओबी

 

डबल फाटक पर प्रस्तावित आरओबी के निर्माण में जमीन की डिमार्केशन बाधा बन गई है। शुरुआत में बीएंडआर मुख्यालय ने सीमांकन को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने तहसील कार्यालय के माध्यम से जमीन की डिमार्केशन कराने का प्रयास किया, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड का मिलान नहीं होने के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।स्थानीय विभाग ने तहसील की रिपोर्ट के साथ दोबारा प्रस्ताव मुख्यालय भेजा। इसके बाद मुख्यालय ने पुरानी जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (General Arrangement Drawing) के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में अब नई डिमार्केशन के बजाय पहले से तैयार ड्राइंग के अनुसार आरओबी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

मंजूरी के लिए भेजा मुख्यालय

बीएंडआर के एसई अजीत सिंह (B&R SE Ajit Singh) ने बताया कि निरंकारी भवन रोड पर बनने वाले अंडरपास की ड्राइंग कंसल्टेंट ने तैयार कर सौंप दी है। इसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। वहीं डबल फाटक पर आरओबी के लिए पुरानी जीएडी के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।