हिसार में नए सिरे से तैयार होगी स्ट्रीट वेंडिंग जोन योजना, नया डेटा होगा तैयार
HR Breaking News (Hisar News) : शहर की सड़कों और बाजारों में रेहड़ी-फड़ी लगाकर कारोबार करने वालों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने की योजना करीब 9 साल बाद फिर से आगे बढ़ने जा रही है। नगर निगम ने स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित करने की प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत शहर में रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों की वास्तविक संख्या और उनकी मौजूदा स्थिति जानने के लिए दोबारा सर्वे कराया जाएगा। निगम कमिश्नर (corporation commissioner) के निर्देश पर इसके लिए विशेष स्ट्रीट वेंडर्स ऐप भी तैयार करवाया गया है। अगले सप्ताह से शुरू होने वाले सर्वे में करीब 18 कर्मचारियों की ड्यूटी वार्ड के अनुसार लगाई गई है। टीम को 20 से 25 दिन में सर्वे पूरा कर नया रिकॉर्ड तैयार करना होगा।
नए सिरे से किया जाएगा सर्वे
निगम की ओर से पहले कराए गए सर्वे में शहर में 4100 स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान हुई थी। इनमें 3995 पुरुष और 105 महिलाएं शामिल थीं। हालांकि, कोविड महामारी के बाद काफी बदलाव आया। कई वेंडर्स ने अपना कारोबार बंद कर दिया, कुछ दूसरे कामों में चले गए तो कई शहर छोड़कर अन्य स्थानों पर चले गए। अब निगम पहले यह पता लगाएगा कि वर्तमान में कितने वेंडर किस स्थान पर कारोबार कर रहे हैं।
ऐप में दर्ज होगा हर वेंडर का पूरा रिकॉर्ड
नए सर्वे में कागजी रिकॉर्ड के बजाय मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें प्रत्येक वेंडर का नाम, पता, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, फोटो, परिवार के सदस्यों की जानकारी, कारोबार की श्रेणी और कितने वर्षों से काम कर रहे हैं, इसका विवरण दर्ज होगा। इससे वेंडर्स की पहचान और उनके काम करने की जगह का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो सकेगा। जिन वेंडर्स के पास पहले से रजिस्ट्रेशन या लेटर ऑफ रिकमेंडेशन (letter of recommendation) है, उनके पुराने रिकॉर्ड का भी मौके पर मिलान किया जाएगा।
पहले 8 जगहों पर 1295 वेंडर्स को बसाने का था प्रस्ताव
वेंडिंग जोन (vending zone) विकसित करने के लिए पहले आरईपीएल कंपनी (REPL Company) ने सर्वे कर शहर में 8 स्थानों की पहचान की थी। इन जगहों पर कुल 1295 वेंडर्स को शिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी। इनमें क्लॉथ मार्केट के नजदीक 5900 वर्ग मीटर जगह पर सबसे अधिक 440 वेंडर्स को बसाने का प्रस्ताव था। रेलवे लाइन क्षेत्र में 3702 वर्ग मीटर में 277, क्लॉथ मार्केट के सामने 2900 वर्ग मीटर में 217 और सब्जी मंडी में 1594 वर्ग मीटर में 119 वेंडर्स के लिए जगह चिह्नित की गई थी।
इसके अलावा गोल्डन लाइब्रेरी (Golden Library) क्षेत्र में 1190 वर्ग मीटर में 89, जिंदल पार्क (Jindal park) के पास 917 वर्ग मीटर में 85, पीएलए मार्केट के नजदीक 469 वर्ग मीटर में 35 और आरडी सिटी सेंटर के पास 444 वर्ग मीटर में 33 वेंडर्स को जगह देने का प्रस्ताव था। अब नए सर्वे के बाद इन स्थानों की उपयोगिता और वेंडर्स की वास्तविक संख्या के हिसाब से आगे की योजना बनाई जाएगी।
बाजारों में जाम और अतिक्रमण कम करने की तैयारी
शहर में 30 से अधिक प्रमुख स्थान ऐसे हैं, जहां सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगने वाली रेहड़ियों और फड़ों के कारण आवागमन प्रभावित होता है। कई बाजारों में ग्राहकों और वाहन चालकों को निकलने तक की जगह नहीं मिलती। निगम की योजना है कि सर्वे पूरा होने के बाद ऐसे वेंडर्स को निर्धारित वेंडिंग जोन में जगह दी जाए। इससे एक तरफ रेहड़ी संचालकों को कारोबार के लिए स्थायी स्थान मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ सड़कों से अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में मदद मिलेगी।
वेंडिंग जोन में मिलेंगी ये सुविधाएं
प्रस्तावित वेंडिंग जोन में वेंडर्स को निर्धारित स्थान और पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। दुकानों और रेहड़ियों के बीच उचित दूरी रखी जाएगी, ताकि ग्राहकों की आवाजाही बाधित न हो। इसके साथ ही पेयजल, शौचालय, कचरा निस्तारण, स्ट्रीट लाइट, सामान रखने के लिए कॉमन स्टोरेज और ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
नई सूची के आधार पर होंगे टीवीसी के चुनाव
सर्वे पूरा होने के बाद ऐप के माध्यम से प्रत्येक वेंडर को नया सीरियल नंबर दिया जाएगा। निगम की यह सूची आगे चलकर वेंडर्स की वोटर लिस्ट की तरह इस्तेमाल होगी। इसी के आधार पर टाउन वेंडिंग कमेटी (Town Vending Committee) के चुनाव करवाए जाएंगे। कमेटी में स्ट्रीट वेंडर्स के बीच से 8 सदस्यों का चयन होना है। इस तरह नया सर्वे केवल वेंडिंग जोन के लिए जगह तय करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वेंडर्स के पंजीकरण और प्रतिनिधित्व की प्रक्रिया का भी आधार बनेगा।
