हिसार में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई, लिस्ट जारी
Hisar News : शहर में अब सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर अब कार्रवाई करने की तैयारी है। अब निगम और पुलिस प्रशासन मिलकर कार्रवाई करेंगे। शहर में अवैध बाड़ों की लिस्ट जारी कर दी है। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
HR Breaking News (Hisar News) : शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशु लोगों के लिए परेशानी के साथ हादसों का कारण भी बन रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए अब नगर निगम और पुलिस मिलकर कार्रवाई करेंगे। निकाय मंत्री विपुल गोयल(Local Bodies Minister Vipul Goyal) ने निगम अधिकारियों को पुलिस की मदद से शहर में विशेष पशु पकड़ो अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए पशु बाड़ों को भी हटाया जाएगा।
निकाय मंत्री ने दिए आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए निकाय मंत्री ने आईजी से बातचीत कर निगम की टीम को पुलिस सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराने को कहा है। वहीं, मेयर प्रवीण पोपली (Hisar Mayor Praveen Popli) सोमवार को आईजी कुलदीप से मुलाकात करेंगे। मेयर का कहना है कि सड़कों पर पशु छोड़ने वाले मालिकों की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाए गए अवैध बाड़ों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
66 अवैध बाड़ों की सूची पुलिस को सौंपी
नगर निगम (hisar nagar nigam) पहले ही सरकारी जमीन पर बनाए गए 66 अवैध पशु बाड़ों की सूची पुलिस को दे चुका है। अब निगम की टीम दोबारा सर्वे करके इनकी मौजूदा स्थिति की जांच करेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि पहले से सूचीबद्ध बाड़ों की जगह बदली गई है या उनके अलावा नए बाड़े भी बना लिए गए हैं। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
4 हजार से ज्यादा पशु गोअभयारण्य में
निगम (nagar nigam hisar) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य शहर की सड़कों को बेसहारा पशुओं से मुक्त कराना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मेयर और निगम अधिकारियों के अनुसार, ढंढूर स्थित गोअभयारण्य में फिलहाल 4 हजार से अधिक पशु हैं। अनुमान है कि इतने ही पशु शहर की सड़कों पर भी घूम रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध बाड़ा संचालकों के साथ कार्रवाई में बाधा डालने और निगम टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पशु पकड़ने का विरोध करने पर हमला
शहर में बेसहारा पशुओं को लेकर विवाद के मामले भी सामने आए हैं। हाल ही में मिलगेट क्षेत्र में सड़क पर पशु छोड़ने का विरोध करने पर एक व्यक्ति पर पशु मालिकों ने हमला कर दिया। वहीं, पशु पकड़ने वाली निगम टीम के इंचार्ज सुरेंद्र वर्मा को भी लगातार धमकियां मिलने की बात सामने आई है।
