एक साल 10 माह बाद शुरू हुई मांबाइल फूड जांच लैब, सैंपल जांच के लिए देनी होगी 5 गुणा ज्यादा फीस
HR Breaking News (hisar news) : मसालों, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका दूर करने के लिए अब उपभोक्ता बाजार में ही उनकी गुणवत्ता की जांच करवा सकेंगे। दिवाली से पहले मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (Mobile Food Testing Lab) को शहर में अलग-अलग जगहों पर पहुंचाने की तैयारी है। हालांकि, इस बार खाद्य सामग्री का सैंपल जांच करवाने के लिए पहले से 5 गुना अधिक शुल्क देना होगा। राज्य सरकार ने मोबाइल लैब (Mobile Food Testing Lab hisar) में प्रति सैंपल जांच फीस 20 रुपए से बढ़ाकर 100 रुपए कर दी है। करीब आठ साल बाद 11 अप्रैल 2018 के आदेश में संशोधन कर नई दरें लागू की गई हैं। आम नागरिक भी निर्धारित शुल्क देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
22 महीने तक गैराज में खड़ी रही वैन
प्रदेश में मार्च 2022 में पांच मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (hisar latest news) शुरू की गई थीं, लेकिन कर्मचारियों की कमी और तकनीकी समस्याओं के कारण इनका संचालन लंबे समय तक प्रभावित रहा। करीब 22 महीने तक वैन गैराज में खड़ी रहीं। रखरखाव के अभाव में कुछ गाड़ियों की वायरिंग चूहों ने काट दी, जबकि कई के इंजन और जांच मशीनों में खराबी आ गई थी। अब स्वास्थ्य विभाग ने इनकी मरम्मत करवाकर कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी है। फिलहाल करनाल स्थित लैब में वैन का सत्यापन किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही दिवाली से पहले इन्हें फील्ड में उतारा जाएगा।
29 नई मोबाइल लैब भी आएंगी
खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) प्रदेश में मोबाइल लैब की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत 29 नई वैन शुरू करने के लिए कागजी और तकनीकी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जिला नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मोबाइल लैब के बाहर नई शुल्क सूची प्रदर्शित की जाए और प्रत्येक उपभोक्ता को 100 रुपए की आधिकारिक रसीद दी जाए। जांच शुल्क से प्राप्त पूरी राशि एफडीए हरियाणा (FDA Haryana) के निर्धारित सरकारी खाते में जमा होगी।
मिलावट पर कार्रवाई
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। हिसार में खाद्य सुरक्षा अधिकारी काजल महतानी और हांसी में सतीश कुमार की टीमों ने अब तक 50 से अधिक सैंपल लिए हैं। जुलाई से सितंबर तक खाद्य सामग्री के नमूने फेल होने पर एडीसी कोर्ट में 86 मामले पहुंचे। इनमें से 42 मामलों का निपटारा करते हुए दोषी निर्माताओं और दुकानदारों पर कुल 4.29 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
5 से 13 नवंबर को इन स्थानों पर पहुंचेगी लैब
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब 5 से 13 नवंबर तक अलग-अलग बाजारों में पहुंचेगी। 5 नवंबर को हिसार के रेड स्क्वेयर मार्केट में एमिनेंट मॉल (Eminent Mall in Red Square Market) के पास, 6 नवंबर को सिरसा के टाउन पार्क में रेड लाइट के पास और 7 नवंबर को फतेहाबाद के जवाहर चौक पर लैब उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 10 नवंबर को फतेहाबाद में बस स्टैंड के पास, 11 नवंबर को हिसार में लजीज होटल के पास, 12 नवंबर को अर्बन एस्टेट मार्केट और 13 नवंबर को सिरसा के बरनाला रोड मार्केट में उपभोक्ता खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच करवा सकेंगे।
