Real Ghee Identification : कहीं आपके घी में तो नहीं है नारियल तेल की मिलावट, ऐसे करें असली नकली घी की पहचान
आपको जानकर हैरानी होगी कि मिलावट करने वाले लोग घी में भी मिलावट करते हैं। कई लोग घी में नारियल का तेल या डालडा मिलाते हैं। आइए आज हम आपको बताते है असली घी को पहचानने का तरीका....

HR Breaking News, Digital Desk - भारतीय किचन में घी के बिना तमाम व्यंजन बन पाना एकदम मुश्किल है। पराठे से लेकर हलवा और न जाने कितनी अनगिनत चीजें हम घी में बनाना पसंद करते हैं। दाल में यदि घी का तड़का (ghee tadka) लग जाए तो उसका मजा ही दोगुना हो जाता है। चूंकि यह हेल्दी होता है तो नानी-दादी से लेकर हमारी मम्मियां तक रोटी और पराठे में घी को चुपुड़कर हमें परोसा करती हैं।
मगर क्या आपके दिमाग में यह ख्याल आया है कि आपका लाया हुआ घी कहीं नकली तो नहीं? नहीं आया होगा, क्योंकि हमें लगता है कि इसमें क्या ही मिलावट की जा सकती है? लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि मिलावट करने वाले लोग इसमें भी मिलावट करते हैं। कई लोग घी में नारियल का तेल या डालडा मिलाते हैं। घी की शुद्धता जांचना कई लोगों को आता भी नहीं, ऐसे में अधिकतर लोग इसी तरह के घी को अपने आहार में इस्तेमाल करते हैं।
अगर आप घी की शुद्धता(purity of ghee) जांचना चाहते हैं। अगर आप चाहते हैं कि घर में मिलावटी घी की पहचान आप भी कर सकें, तो इस आर्टिकल को आखिर तक जरूर पढ़ें। हम यहां आपको ऐसे आसान तरीके बताएंगे, जिनकी मदद से आप शुद्ध घी को पहचान सकेंगे।
कैसा होता है शुद्ध देसी घी?
शुद्ध घी का रंग थोड़ा पीला या सुनहरा होता है। शुद्ध घी कभी भी स्मूथ टेक्सचर में नहीं होता है। उसका एक दानेदार टेक्सचर होता है यह उसके सुनहरे भाग की तुलना में सफेद होता है, जो ऊपर तैरता है। बाजार से लाए हुए घी में खुशबू और प्रीजर्वेटिव्स होते हैं, ताकि उन्हें लंबे समय के लिए स्टोर करके रखा जाया जा सके। वहीं, घर के बने या शुद्ध घी में बहुत ज्यादा खुशबू नहीं होती है।
कैसे करें असली और नकली घी की पहचान?
बाजार में उपलब्ध घी अलग-अलग तरह का होता है। कई लोगों का मानना होता है कि क्योंकि इसे दूध या मलाई से बनाया जाता है तो असली घी भी सफेद होता है, लेकिन ऐसा नहीं है। घी पकने के बाद अक्सर सुनहरा रंग का हो जाता है। आप असली घी की पहचान घर में कैसे कर सकते हैं, यहां जानिए।
1. पाम टेस्ट करें
आपकी रसोई में घी शुद्ध आ रहा है या नकली, यह आप बहुत आसान तरीके से जांच सकते हैं। इसके शुद्धता की जांच करने का सरल तरीका है कि आप पाम टेस्ट करें।
क्या करें-
अपनी हथेली में एक चम्मच घी डालें और इसके पिघलने तक कुछ देर इंतजार करें।
घी क्योंकि जल्दी पिघलने लगता है, तो अगर यह पिघल गया इसका मतलब आपका घी शुद्ध है। अगर घी बहुत देर तक नहीं पिघला तो यह मिलावटी है।
2. डबल-बॉयलर टेस्ट
इस टेस्ट से आप यह पता लगा सकेंगे कि कहीं आपके घी में किसी तरह के तेल (नारियल, बादाम, तिल) आदि की मिलावट तो नहीं है? इस तरह से तेल और घी अलग-अलग हो जाता है और आपको घी की शुद्धता का पता चलता है।
क्या करें-
सबसे पहले 2 चम्मच घी को एक ग्लास बाउल में निकाल लें।
इसके बाद डबल-बॉयलर मेथड (एक पैन में पानी डालकर गर्म करें और उसके ऊपर दूसरा बाउल रखकर घी गर्म करें) का इस्तेमाल करें।
जब घी पिघल जाए तो इसे एक कंटेनर में निकाल कर कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें।
अगर आपके घी में नारियल का तेल होगा तो घी और तेल की एक अलग-अलग परत आपको भी दिखेगी। अगर ऐसा न हो तो मतलब आपका घी शुद्ध है।
3. कलर चेक करें
यह घी की शुद्धता चेक करने का एक अन्य आसान तरीका है, जिसे आप घर में ट्राई करके देख सकते हैं। इसे आप कलर टेस्ट भी कह सकते हैं। शुद्ध घी के रंग बदलने से आपको असली और नकली घी की पहचान हो जाती है।
क्या करें-
एक पैन को गर्म करें और उसमें 1 बड़ा चम्मच घी डालें।
घी पिघलते हुए अपना रंग बदलने लगेगा। अगर घी ज्यादा गर्म हो जाए और उसका रंग डार्क ब्राउन हो जाए तो मतलब आपका घी एकदम शुद्ध है।
अगर आपका घी पिघलने में भी टाइम लें और यह एकदम लाइट येलो हो जाए तो समझिए कि इसमें मिलावट है।
इसके अलावा ऐसे कई तरीके हैं, जिनकी मदद से आप असली और नकली की पहचान आसानी से कर सकते हैं। इन तरीकों को आप भी ट्राई करके अपनी रसोई से नकली घी को निकाल फेंके और घर पर ही आसानी से शुद्ध घी निकालकर उपयोग करें।
हमें उम्मीद है कि यह जानकारी आपके काम आएगी। अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर जरूर करें। ऐसे अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें HR Breaking News के साथ।